Last Updated:
डॉन 3 से रणवीर सिंह के हटने पर फरहान अख्तर और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने 45 करोड़ नुकसान का दावा किया, आमिर खान की मध्यस्थता नाकाम, फेडरेशन ने असहयोग आदेश वापस लिया
नई दिल्ली: बॉलीवुड के गलियारों से इन दिनों एक ऐसी खबर सामने आ रही है जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है. फिल्म डॉन 3 को लेकर सुपरस्टार रणवीर सिंह और डायरेक्टर फरहान अख्तर के बीच छिड़ी जंग अब खुलकर सामने आ गई है. मामला सिर्फ बातचीत तक सीमित नहीं रहा बल्कि कानूनी नोटिस से लेकर फिल्म फेडरेशन तक पहुंच चुका है.
इसी बीच इस पूरे मामले में एक बहुत बड़ा और नया मोड़ आया है. फिल्म फेडरेशन के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया है कि इस विवाद को सुलझाने के लिए खुद आमिर खान ने एंट्री मारी थी.
क्या बोले अशोक पंडित
अशोक पंडित ने एक इंटरव्यू में बताया कि जब यह मामला फेडरेशन के पास पहुंचा, उससे पहले ही बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारों ने इसे आपस में सुलझाने की पूरी कोशिश की थी. इस झगड़े को खत्म करने के लिए सुपरस्टार आमिर खान खुद आगे आए थे. उन्होंने रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच पैच-अप कराने और मामले को शांत करने की पूरी कोशिश की, लेकिन अफसोस कि आमिर खान की मध्यस्थता भी काम नहीं आई और दोनों के बीच बात नहीं बन सकी. अशोक पंडित ने इस पर अपनी राय रखते हुए कहा कि आज रणवीर सिंह हैं, कल कोई और एक्टर हो सकता है. प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ जो कुछ भी हो रहा है, वह पूरी तरह गलत है. उन्होंने आगे कहा कि अगर एक्सेल की जगह कोई छोटा-मोटा प्रोड्यूसर होता तो वह तो अब तक बर्बाद ही हो जाता और उसे अपना घर तक बेचना पड़ जाता.
क्यों बढ़ा विवाद
फरहान अख्तर का साफ तौर पर दावा है कि रणवीर सिंह के आखिरी वक्त पर फिल्म छोड़ने की वजह से उन्हें और उनकी कंपनी को भारी नुकसान झेलना पड़ा है. सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर सिंह से 45 करोड़ रुपये के भारी-भरकम नुकसान की भरपाई की मांग की है. इस मुद्दे पर अशोक पंडित का कहना है कि किसी भी कलाकार के पास फिल्म न करने के 10 सही कारण हो सकते हैं, लेकिन अगर आपने एक बार प्रोजेक्ट के लिए हां कह दिया है और प्रोड्यूसर के पैसे खर्च होना शुरू हो चुके हैं, तो उस नुकसान की भरपाई करना आपकी जिम्मेदारी बनती है. कोई कितना भी बड़ा स्टार क्यों न हो, उसे आखिरी समय पर इस तरह से प्रोजेक्ट छोड़ने की इजाजत बिल्कुल नहीं दी जा सकती.
क्या सलमान खान ने भी की थी बात
इससे पहले सोशल मीडिया और मीडिया गलियारों में यह चर्चा बहुत गर्म थी कि भाईजान यानी सलमान खान ने भी इस मामले में दखल दिया है. चूंकि सलमान खान के अख्तर परिवार के साथ बेहद पुराने और करीबी रिश्ते हैं, इसलिए कहा जा रहा था कि उन्होंने फरहान और रणवीर से पर्सनली बात करके मामला रफा-दफा करने को कहा है. हालांकि, बाद में आई पुख्ता रिपोर्ट्स ने इन सभी खबरों को सिरे से खारिज कर दिया और साफ किया कि ये सब सिर्फ अफवाहें थीं और सलमान खान का इस पूरे विवाद से कोई लेना-देना नहीं है.
क्यों अलग हुए रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के रास्ते
शुरुआत में जब यह खबर आई थी तो सबको लगा कि यह सिर्फ एक नॉर्मल कास्टिंग चेंज है, यानी फिल्म से सिर्फ एक्टर बदला गया है. लेकिन धीरे-धीरे पर्दे के पीछे की बात बिगड़ती चली गई. खबरों की मानें तो रणवीर सिंह और फिल्म के मेकर्स के बीच कहानी और कुछ अहम चीजों को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि रणवीर सिंह फिल्म के काम में बार-बार हो रही देरी और फाइनल स्क्रिप्ट तैयार न होने से काफी परेशान चल रहे थे, जिसके बाद उन्होंने फिल्म से अलग होने का बड़ा फैसला किया.
नतीजा यह हुआ कि जो मामला आपस में बैठकर सुलझ सकता था, वह अब कानूनी पचड़े में बदल चुका है. हालांकि, इस पूरे विवाद के बीच एक राहत की बात यह है कि फेडरेशन ने रणवीर सिंह के खिलाफ जो असहयोग का निर्देश जारी किया था, उसे अब वापस ले लिया गया है. लेकिन अब पूरी इंडस्ट्री की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि फरहान और रणवीर का यह बड़ा मनमुटाव कब और कैसे खत्म होता है.
About the Author

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. News18 App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं. इससे पहले मैंने, दैनिक जाग…और पढ़ें

