Last Updated:
बॉलीवुड के मशहूर दिग्गज फिल्ममेकर के बेटे और नामी प्रोड्यूसर के भाई होने के बावजूद एक्टर का एक्टिंग करियर बुरी तरह फ्लॉप रहा. बड़े बैनर से लॉन्च होने और कई फिल्मों में हाथ आजमाने के बाद भी दर्शकों ने बतौरे एक्टर पूरी तरह नकार दिया. सालों तक लाइमलाइट से दूर रहने के बाद अब इस फ्लॉप एक्टर ने कैमरे के पीछे रहकर अपनी किस्मत चमकाने का फैसला किया है. अब वह राइटर बन गए हैं, जिस पर मेकर्स के 80 करोड़ रुपये दांव पर लगे हैं.

नई दिल्ली. बॉलीवुड में नेपोटिज्म को अक्सर सफलता की गारंटी माना जाता है, लेकिन इंडस्ट्री का एक इतिहास यह भी गवाह है कि जनता के प्यार के बिना यहां कोई टिक नहीं सकता. ऐसा ही कुछ हुआ यशराज फिल्म्स (YRF) के मालिक यश चोपड़ा के छोटे बेटे और प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा के भाई उदय चोपड़ा के साथ.

उदय चोपड़ा ने साल 2000 में आई सुपरहिट फिल्म ‘मोहब्बतें’ से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था, लेकिन इस शानदार शुरुआत के बावजूद उनका एक्टिंग करियर कभी पटरी पर नहीं लौट पाया. ‘धूम’ फ्रेचाइजी में अली के उनके किरदार को छोड़ दिया जाए, तो बतौरे लीड हीरो उनकी झोली में सिर्फ फ्लॉप और डिजास्टर फिल्में ही आईं.

‘मेरे यार की शादी है’, ‘सुपारी’, ‘चरस’, ‘नील एंड निक्की’ और ‘प्यार इम्पॉसिबल’ जैसी मूवी बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी हैं. उदय चोपड़ा ने अपने करियर में एक भी सोलो हिट मूवी नहीं दी है. साल 2013 में आमिर खान की ब्लॉकबस्टर ‘धूम 3’ की रिलीज के बाद वह एक लंबे ब्रेक पर चले गए थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

बॉक्स ऑफिस पर मिल रहीं लगातार नाकामियों के बाद उदय चोपड़ा ने लंबे समय तक खुद को बड़े पर्दे से दूर रखा. एक्टिंग में फ्लॉप रहने के बाद अब उन्होंने अपने पारिवारिक बैनर YRF की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म के जरिए वापसी की है, लेकिन इस बार वह कैमरे के सामने नहीं बल्कि कैमरे के पीछे राइटर की भूमिका में हैं.

यशराज फिल्म्स अपने मशहूर स्पाई यूनिवर्स का दायरा तेजी से बढ़ा रहा है. इसी कड़ी में पहली फीमेल लीड स्पाई फिल्म ‘अल्फा’ बनाई जा रही है, जिसमें आलिया भट्ट, बॉबी देओल और शरवरी लीड किरदारों में नजर आएंगे. इस हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर फिल्म की कहानी किसी और ने नहीं, बल्कि खुद उदय चोपड़ा ने लिखी है.

उदय चोपड़ा का बतौरे राइटर यह पहला बड़ा प्रोजेक्ट है, लेकिन उनके इस नए सफर के साथ एक बहुत बड़ा जोखिम भी जुड़ा हुआ है. ‘अल्फा’ कोई छोटे बजट की फिल्म नहीं है. इस फिल्म का अनुमानित बजट लगभग 80 करोड़ आंका जा रहा है, जो कि किसी भी फीमेल-लीड एक्शन फिल्म के लिए एक बहुत बड़ी रकम है.

फिल्म में वीएफएक्स, खतरनाक स्टंट्स और इंटरनेशनल लोकेशंस का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है. ऐसे में उदय चोपड़ा की लिखी कहानी पर इतने बड़े बजट का दांव लगाना मेकर्स के लिए एक बड़ा जुआ साबित हो सकता है. अगर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल करती है, तो उदय चोपड़ा बॉलीवुड में एक सफल लेखक के रूप में अपनी नई पहचान बनाने में कामयाब हो जाएंगे.

बताते चलें कि आलिया भट्ट, शरवरी वाघ और बॉबी देओल की मच अवेटेड फिल्म ‘अल्फा’ का ट्रेलर 10 जून को रिलीज हुआ. इसमें आलिया भट्ट धमाकेदार एक्शन करती नजर आईं. यशराज फिल्म्स की यह स्पाई यूनिवर्स मूवी 3 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अनिल कपूर भी ‘अल्फा’ का हिस्सा हैं.

