Sunny Deol Film: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सनी देओल ने अपने दमदार अभिनय से कई दफा बॉक्स ऑफिस हिलाया है. साल 2023 में उन्होंने अपने करियर की सबसे बड़ी फिल्म दी थी. नाम था ‘गदर 2’. गदर के सीक्वल गदर 2 ने भी जमकर धूम मचा दी थी. इसने बहुत बड़ी सफलता हासिल की थी. हालांकि, इससे ठीक पहले सनी देओल के हालात बिल्कुल भी ऐसे नहीं थे. उनके खाते में इससे पहले एक के बाद एक कई फ्लॉप फिल्में आई थीं, जबकि गदर 2 से ठीक पहले रिलीज हुई उनकी एक फिल्म का भी टिकट खिड़की पर बुरा हाल हुआ था.
4 साल पहले आई थी फिल्म
यहां सनी देओल की जिस फिल्म की बात हो रही है उसका नाम है ‘चुप’. ये एक एक्शन थ्रिलर फिल्म थी, जिसने सिनेमाघरों में 23 सितंबर 2022 को दस्तक दी थी. आर बाल्की के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म के प्रोड्यूसर्स राकेश झुनझुनवाला, जयंतीलाल गड़ा, गौरी शिंदे और अनिल नायडू थे.
ये भी पढ़ें: ‘धुरंधर 2’ का रिकॉर्ड तोड़ने आ रहे सनी देओल, इन 8 फिल्मों से बॉक्स ऑफिस लूटेंगे
बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला था जादू
चुप में सनी देओल ने एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया था. वो इंस्पेक्टर जनरल अरविंद माथुर के रोल में दिखाई दिए थे. फिल्म का हिस्सा पूजा भट्ट, श्रेया धनवंतरी, दुलकर सलमान, अध्ययन सुमन और राजीव रविन्द्र नाथ जैसे कलाकार भी थे. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, 2 घंटे 15 मिनट की ये फिल्म इंडियन बॉक्स ऑफिस पर अपना बजट भी नहीं निकाल पाई थी. इसका भारत में कलेक्शन 9.75 करोड़ रुपये हुआ था. जबकि चुप का बजट 10 करोड़ रुपये था.
ये भी पढ़ें: 2000 करोड़ी एक्ट्रेस संग सनी देओल ने किया काम, 2 करोड़ भी नहीं कमाए, महा डिजास्टर निकली फिल्म
गदर 2 ने दी सनी के करियर को नई उड़ान
गदर 2 सनी देओल के 43 साल के करियर में सबसे खास स्थान रखती है. ये न सिर्फ उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्म है, बल्कि इसने उनके डूबते हुए करियर को संवारने का काम भी किया था. जब सनी देओल ने अपने करियर में फ्लॉप्स की झड़ी लगा दी थी तो गदर 2 ने उनके करियर को नई दिशा देने का काम किया था. इसके बाद उनके खाते में कई बड़ी फिल्में आईं. फिर वो ‘जाट’ और ‘बॉर्डर 2’ में दिखाई दिए. जबकि अब सनी बंटवारा 1947, जाट 2, रामायण और गबरू जैसी बड़ी और मच अवेटेड फिल्में भी लाने वाले हैं.

