Last Updated:
तलाक के बाद भी रिश्तों में सम्मान और जिम्मेदारी बनाए रखने की मिसाल पेश करते हुए ईशा देओल और उनके पूर्व पति भरत तख्तानी एक बार फिर चर्चा में हैं. दोनों ने अलग होने के बावजूद अपने बच्चों राध्या और मिराया की परवरिश को सबसे ऊपर रखा है. ईशा ने हाल ही में कहा कि उनके लिए परिवार की परिभाषा नहीं बदली है और वे अब भी एक टीम की तरह काम करते हैं. उन्होंने साफ किया कि बच्चों की खुशी और स्थिरता उनकी सबसे बड़ी प्रायोरिटी है.

नई दिल्ली. धर्मेंद्र-हेमा मालिनी की लाडली और बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा देओल और उनके एक्स हस्बैंड भरत तख्तानी भले ही साल 2024 में एक-दूसरे से अलग हो चुके हैं, लेकिन अपनी बेटियों की परवरिश के मामले में दोनों आज भी एक मजबूत टीम की तरह खड़े हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू में ईशा देओल ने अपनी निजी जिंदगी, तलाक के बाद के बदलावों और अपने करियर के नए सफर पर खुलकर बात की है. ईशा का कहना है कि भले ही वह सिंगल हैं, लेकिन वह खुद को एक ‘सिंगल मदर’ के रूप में नहीं देखतीं, क्योंकि बच्चों की जिम्मेदारी उठाने में भरत उनका पूरा साथ दे रहे हैं.

बॉम्बे टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में ईशा देओल ने को-पैरेंटिंग पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि कैसे तलाक के बाद अपने बच्चों के लिए दोनों साथ हैं और उनको परिवार की तरह प्यार दे रहे हैं. फोटो साभार-@imeshadeol/Instagram

बातचीत में ईशा देओल ने बताया कि तलाक के बाद भी उनके और भरत के बीच पेरेंटिंग को लेकर कोई दूरी नहीं आई है. ईशा ने कहा, ‘ईश्वर की कृपा से, जब हमारी बेटियों राध्या और मिराया की को-पेरेंटिंग की बात आती है, तो भरत और मैं बहुत हद तक एक टीम की तरह काम करते हैं. हम एक परिवार हैं और हमारे बच्चे हमेशा हमारी पहली प्राथमिकता रहेंगे. उन्हें भरपूर प्यार, स्नेह देना और उनके लिए एक मजबूत सहारा बनना, हमारा सबसे बड़ा संकल्प है.’ फोटो साभार-@imeshadeol/Instagram
Add News18 as
Preferred Source on Google

उन्होंने आगे कहा कि जब बच्चे होते हैं तो अहंकार किनारे रखना बहुत जरूरी है, ‘दो लोगों ने कुछ तय किया है तो बच्चों को इसका शिकार न बनने दें. हम अपने अहंकार को किनारे रखें और इन नई भूमिकाओं के साथ इसे सुलझाने की कोशिश करें.’ फोटो साभार-@imeshadeol/Instagram

आपको बता दें कि पिछले महीने ही सोशल मीडिया पर एक तस्वीर काफी वायरल हुई थी, जिसमें ईशा देओल अपने एक्स पति भरत तख्तानी और कुछ पुराने दोस्तों के साथ खुशनुमा पल बिताती नजर आई थीं. इससे साफ है कि दोनों ने अपने रिश्ते को बेहद शालीनता और सम्मान के साथ संभाला है. फोटो साभार-@imeshadeol/Instagram

ईशा देओल ने मां बनने के बाद अपने करियर पर भी असर का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘मां बनने के बाद प्राथमिकताएं स्वाभाविक रूप से बदल जाती हैं. मैं बच्चों के लिए मौजूद रहना चाहती हूं और उन्हें पालने-पोसने में सक्रिय रूप से शामिल होना चाहती हूं. उन्होंने स्वीकार किया कि अब वह रोल चुनते समय ज्यादा सतर्क हो गई हैं. फोटो साभार-@imeshadeol/Instagram

एक्ट्रेस अब जल्द ही हॉरर-कॉमेडी फिल्म घूंघट में नजर आएंगी. यह फिल्म उनके करियर में एक नया मोड़ साबित हो सकती है. उन्होंने कहा, ‘आज मैं टीनएजर इन लव वाली भूमिका नहीं निभाना चाहूंगी. उस फेज से मैं गुजर चुकी हूं. अगर कोई किरदार मुझसे जुड़ता है और प्रोजेक्ट रोमांचक लगता है तो मैं हां कहने को तैयार हूं. आजकल हर उम्र के एक्टर्स के लिए दिलचस्प और अर्थपूर्ण रोल उपलब्ध हैं, जो देखकर अच्छा लगता है.’ फोटो साभार-@imeshadeol/Instagram

आपको बता दें कि ईशा देओल और भरत तख्तानी ने साल 2012 में शादी रचाई थी. फरवरी 2024 में उन्होंने एक संयुक्त बयान जारी कर तलाक की पुष्टि की थी, जिसमें कहा गया था, ‘हमने आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण तरीके से अलग होने का फैसला किया है. अपने जीवन में इस बदलाव के दौरान, हमारे दो बच्चों के सर्वोत्तम हित और कल्याण हमारे लिए सर्वोपरि हैं.’ अपने बयान में उन्होंने निजता के सम्मान की भी अपील की थी. ईशा के पास ही उनकी दोनों बेटियां रहती हैं. बड़ी बेटी का जन्म अक्टूबर 2017 में हुआ था और उन्होंने उसे राध्या नाम दिया. इसके बाद जून 2019 में दूसरी बेटी मिराया का जन्म हुआ.

