Last Updated:
बॉलीवुड की फिटनेस क्वीन शिल्पा शेट्टी आज इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं. एक्ट्रेस, बिजनेसवुमन और टीवी स्टार के तौर पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. लेकिन उनकी जिंदगी में एक ऐसा दौर भी आया था, जब उन्हें फिल्में मिलनी लगभग बंद हो गई थीं. 8 जून 1975 को कर्नाटक के मंगलुरु में जन्मीं शिल्पा आज अपना 51वां बर्थडे मना रही हैं.

नई दिल्ली. साल 1993 में शाहरुख खान की फिल्म से डेब्यू करने वाली शिल्पा शेट्टी ने करियर में हर तरह के रोल निभाए हैं. अपने करियर में कई बार फिल्मों के लिए साइन किए जाने के बाद भी उन्हें प्रोजेक्ट्स से बाहर कर दिया जाता था. खुद शिल्पा ने इस मुश्किल दौर का जिक्र करते हुए बताया था कि एक समय उन्हें लगने लगा था कि उनका करियर पीछे जा रहा है.

शिल्पा शेट्टी का असली नाम अश्विनी शेट्टी है. पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने पिता के कारोबार में मदद करती थीं. इसी दौरान उन्हें एक फैशन शो में हिस्सा लेने का मौका मिला. वहां एक फोटोग्राफर ने उनकी तस्वीरें खींचीं और यहीं से उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया.

शिल्पा शेट्टी को इन फोटोज की बदौलत मॉडलिंग के ऑफर मिलने लगे और फिर फिल्मों के दरवाजे भी खुल गए. शिल्पा ने साल 1993 में फिल्म ‘बाजीगर’ से बॉलीवुड में कदम रखा. फिल्म में उनके साथ शाहरुख खान और काजोल नजर आए थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

यह फिल्म बड़ी हिट साबित हुई और शिल्पा भी रातोंरात चर्चा में आ गईं. फिल्म में यूं तो उनका रोल बहुत कम रहा. लेकिन फिल्म की कहानी उनके ही इर्द-गिर्द बनी गई थी. फिल्म में उन्होंने काजोल की बड़ी बहन का रोल निभाया था.आज भी लोग उनकी इस फिल्म का जिक्र करते हैं.

इस फिल्म से मिली अपार सफलता के बाद उन्होंने ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘छोटे सरकार’, ‘आओ प्यार करें’, ‘हथकड़ी’, ‘औजार’ और ‘परदेसी बाबू’ जैसी फिल्मों में काम किया और दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बना ली.

एक्टिंग की दुनिया में आने वाले हर एक्टर्स की जिंदगी में करियर में भी काफी उतार-चढ़ाव आते हैं. शिल्पा के साथ भी ऐसा हुआ है. एक इंटरव्यू में शिल्पा ने बताया था कि एक समय ऐसा आया जब उन्हें काम मिलना लगभग बंद हो गया था. कई फिल्मों के लिए उनका चयन हुआ, लेकिन बाद में प्रोड्यूसर्स ने उन्हें प्रोजेक्ट से बाहर कर दिया. लगातार रिजेक्शन झेलने के बाद वह परेशान जरूर हुईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आगे बढ़ती रहीं.

फिर साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘धड़कन’ उनके करियर के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई. फिल्म में उनकी एक्टिंग की काफी तारीफ हुई थी. इस फिल्म के बाद उन्होंने ‘रिश्ते’, ‘फिर मिलेंगे’, ‘दस’ और ‘लाइफ इन ए… मेट्रो’ जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय किया. खासकर ‘फिर मिलेंगे’ में एचआईवी पीड़ित महिला के किरदार ने उन्हें एक गंभीर अभिनेत्री के रूप में नई पहचान दिलाई.

फिल्मों के अलावा शिल्पा ने टीवी की दुनिया में भी खूब नाम कमाया. ब्रिटेन के चर्चित रियलिटी शो ‘सेलिब्रिटी बिग ब्रदर’ में हिस्सा लेकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की. शो के दौरान उन्हें नस्लीय टिप्पणियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आखिरकार शो की विजेता बनकर उभरीं. इस जीत ने उन्हें दुनियाभर में लोकप्रिय बना दिया.आज शिल्पा शेट्टी फिटनेस और योग की सबसे बड़ी आइकॉन में से एक मानी जाती हैं.

