Last Updated:
Peddi Worldwide Box Office Collection Day 2: राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और रिलीज के दूसरे दिन भी इसकी रफ्तार कम नहीं हुई है. फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे जाह्नवी कपूर विवाद के बावजूद सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है. फिल्म ने दो दिनों में ही मजबूत कमाई दर्ज करते हुए बड़े आंकड़ों को पार कर लिया है. स्पोर्ट्स ड्रामा होने के बावजूद फिल्म को मास ऑडियंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है.
राम चरण की ‘पेद्दी’ को लोग पसंद कर रहे हैं.
नई दिल्ली. साउथ सुपरस्टार राम चरण की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘पेड्डी’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है. फिल्म को लेकर जहां जाह्नवी कपूर के किरदार ‘अचियम्मा’ को लेकर ऑनलाइन आलोचना हो रही है. वहीं इस ऑनलाइन विवाद का फिल्म के बॉक्स ऑफिस कमाई पर रत्ती भर भी असर पड़ता नहीं दिख रहा है. फिल्म को लोगों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है.
‘पेड्डी’ ने रिलीज के महज दो दिनों के भीतर ही वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपये के ग्रॉस का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है. यह राम चरण के करियर की बतौर सोलो लीड सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म बन गई है.
क्या है फिल्म की कहानी
बुच्ची बाबू सना द्वारा निर्देशित और वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले वेंकट सतीश किलारू द्वारा निर्मित ‘पेड्डी’ एक ग्रामीण पृष्ठभूमि पर आधारित स्पोर्ट्स ड्रामा है. इसमें राम चरण एक ऐसे एथलीट की भूमिका में हैं जो क्रिकेट, कुश्ती और स्प्रिंटिंग जैसी कई विधाओं में हाथ आजमाता है और अपने उपेक्षित गांव को पहचान दिलाने के लिए संघर्ष करता है. फिल्म में कन्नड़ सुपरस्टार शिवा राजकुमार और जगपति बाबू भी अहम किरदारों में हैं.
दूसरे दिन भी कमाई में उछाल
बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने प्रीव्यू शो से ही कमाई के किले फतह करने शुरू कर दिए थे. बुधवार को पेड प्रीव्यू से 18.50 करोड़ रुपये नेट जुटाने के बाद, गुरुवार (रिलीज डे) को 51 करोड़ का कलेक्शन किया. यानी पहले दिन 69.50 करोड़ रुपये का भारी भरकम आंकड़ा दर्ज किया. यह राम चरण के करियर की सबसे बड़ी सोलो ओपनिंग है. हालांकि, शुक्रवार को फिल्म की कमाई में करीब 50 फीसदी की गिरावट आई, जो किसी भी मासू मूवी के लिए सामान्य है. इसके बावजूद, ‘पेड्डी’ ने शुक्रवार को 26 करोड़ नेट और जोड़ लिए. अब दो दिनों में फिल्म का भारत में कलेक्शन 96.40 करोड़ नेट पहुंच गया है. शनिवार सुबह तक यह 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर जाएगी.
विदेशों में भी धमाल
विदेशी बाजारों में फिल्म ने कमाल कर दिया है. ‘पेड्डी’ ने सिर्फ दो दिनों में ओवरसीज में 4 मिलियन डॉलर यानी करीब 33 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. इस तरह दुनियाभर में फिल्म का कुल कलेक्शन 150 करोड़ रुपये ग्रॉस पहुंच गया है.
हिंदी बेल्ट और डब वर्जन्स ने किया निराश
‘पेड्डी’ को एक पैन-इंडिया फिल्म के रूप में बड़े स्तर पर रिलीज किया गया था, लेकिन तेलुगु राज्यों (आंध्र प्रदेश और तेलंगाना) के बाहर फिल्म का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है. कुल 96.40 करोड़ रुपये की भारतीय कमाई में से 90 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन अकेले तेलुगु वर्जन से आया है. दूसरी भाषाओं के डब वर्जन्स का हिस्सा महज 5% के आसपास रहा. हिंदी बेल्ट में फिल्म ने बेहद निराश किया है. उत्तर भारत में 1000 से अधिक स्क्रीन्स पर रिलीज होने के बावजूद, हिंदी डब वर्जन दो दिनों में केवल 5 करोड़ रुपये नेट ही कमा सकी है.
About the Author
.jpg?impolicy=website&width=52&height=52)
शिखा पाण्डेय पिछले 15 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक्टिव हैं. शिखा दिसंबर 2019 से न्यूज 18 हिंदी के साथ हैं और बतौर चीफ सब एडिटर के पद काम कर रही हैं. पिछले 6 सालों से वह एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही …और पढ़ें

