Last Updated:
फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान का यूट्यूब व्लॉग इन दिनों खूब चर्चा में है. हाल ही में आए एक एपिसोड में फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है ’ की टीम के साथ उन्होंने खास बातचीत की और कई महंगे गिफ्ट्स देकर सबको चौंका दिया. व्लॉग में उन्होंने स्टार्स को लग्जरी घड़ियां और लैब-ग्रोन डायमंड पेंडेंट्स गिफ्ट किए. फराह ने भी कहा कि उनका व्लॉग अच्छा चल रहा है और दर्शकों का प्यार लगातार बढ़ रहा है. उनका यह कंटेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

नई दिल्ली. बॉलीवुड की मशहूर डायरेक्टर और कोरियोग्राफर फराह खान अब यूट्यूब पर भी धमाल मचा रही हैं. यूट्यूब पर अपने लोकप्रिय कुकिंग व्लॉग सीरीज के जरिए उन्होंने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि अच्छी-खासी कमाई भी कर ली है. हाल ही में फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की टीम के साथ किए गए व्लॉग में फराह ने महंगे गिफ्ट्स देकर सबको चौंका दिया. वरुण धवन ने तो उन्हें ‘सबसे अमीर यूट्यूबर’ तक घोषित कर दिया.

फराह खान ने साल 2025 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था. चैनल पर फराह अपने कुक दिलीप के साथ ह्यूमर, कुकिंग और सेलिब्रिटी घरों के व्लॉग बनाती हैं. जहां वह अपने कुक दिलीप के साथ मस्ती-मजाक करते हुए सेलिब्रिटीज के घर जाकर खाना बनाती हैं. उनके चैनल को जबरदस्त पॉपुलैरिटी मिली और अब उनके पास सिल्वर और गोल्ड प्ले बटन भी आ चुके हैं.

अपने लेटेस्ट व्लॉग में फराह ‘है जवानी तो है इश्क होना’ के कास्ट के साथ नजर आईं. मजेदार बातचीत के साथ उन्होंने सभी को महंगे गिफ्ट्स भी दिए. उन्होंने वरुण धवन और डेविड धवन को लकी हार्वे ब्रांड की लग्जरी घड़ियां गिफ्ट कीं. ब्रांड की वेबसाइट के मुताबिक, ये घड़ियां करीब 1.05 लाख और 1.30 लाख रुपये की हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

हैरानी तो तब हुई जब फराह ने फिल्म की लीड एक्ट्रेसेस पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर के सामने बॉक्स खोले. फराह ने दोनों एक्ट्रेसेस को ‘अयानिका’ (Ayanika) ब्रैंड के बेहद खूबसूरत लैब-ग्रोन डायमंड पेंडेंट्स तोहफे में दिए. जैसे ही दोनों हसीनाओं को फराह ने डायमंड पेंडेंट दिया, वरुण धवन पूरी तरह चौंक गए.

वरुण धवन से रहा नहीं गया और उन्होंने फराह से इस बारे में पूछ ही लिया. तो फराह ने बेहद बेबाकी से हंसते हुए कहा, ‘हमारा व्लॉग तो सही चल ही रहा है.’ वरुण धवन ने तुरंत मजाकिया अंदाज में कहा, ‘अब ऑफिशियल है कि फराह खान हाईएस्ट अर्निंग यूट्यूबर हैं. मैं किसी भी शो में नहीं गया हूं, मतलब करण जोहर सर के शो में भी कभी डायमंड गिफ्ट नहीं हुए.’

फराह खान ने अपने इस सफर को लेकर एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें अपने कुकिंग व्लॉग्स के लिए न केवल सिल्वर प्ले बटन, बल्कि 10 लाख (1 मिलियन) सब्सक्राइबर्स पूरे होने पर मिलने वाला प्रतिष्ठित ‘गोल्ड प्ले बटन’ भी मिल चुका है. फराह पहले भी यह स्वीकार कर चुकी हैं कि वे अब फिल्मों के निर्देशन से कहीं ज्यादा कमाई अपने यूट्यूब चैनल के जरिए कर रही हैं.

फराह के इस डिजिटल सफर ने उनके घरेलू कुक ‘दिलीप’ को भी इंटरनेट सेंसेशन बना दिया है. दोनों के बीच की नोक-झोंक दर्शकों को बेहद पसंद आती है. फराह ने बताया कि वे अपनी यूट्यूब की कमाई का एक हिस्सा दिलीप को उसकी सैलरी के अलावा देती हैं, जिससे दिलीप पूरी तरह कर्ज मुक्त हो चुके हैं. अब दोनों केवल कुकिंग ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल लोकेशंस पर ट्रैवल व्लॉग्स भी शूट कर रहे हैं.

फराह खान के व्लॉग में सिर्फ कुकिंग नहीं, बल्कि सेलिब्रिटीज के साथ खुलकर बातचीत, अनकही कहानियां और अब ट्रैवल कंटेंट भी शामिल है. फराह और दिलीप विदेशी लोकेशन्स पर भी घूम चुके हैं, जहां लोकल किचन और कल्चर एक्सप्लोर करते नजर आते हैं.

