Last Updated:
फिल्मों में सिर्फ हीरो ही नहीं, बल्कि कई ऐसे कलाकार भी होते हैं जो अपने दमदार अभिनय से लोगों के दिलों में खास जगह बना लेते हैं. अमित साध उन्हीं कलाकारों में से एक हैं. अपने गंभीर और असरदार किरदारों की वजह से उन्होंने इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है. आज वह अपना 43वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं.

नई दिल्ली. इडंस्ट्री के जाने माने अभिनेता अमित साध आज ओटीटी की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा हैं. हालांकि, यहां तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा. पिता के निधन के बाद आर्थिक तंगी से जूझते हुए उन्होंने छोटे-मोटे काम किए. मीडिया रिपोर्ट्स और इंटरव्यू में अमित बता चुके हैं कि संघर्ष के दिनों में उन्होंने बर्तन धोने से लेकर चौकीदारी तक का काम किया.

अमित साध उन लोगों में से एक हैं, जो कभी हार नहीं मानते. उन्होंने अपनी जिंदगी में काफी उतार चढ़ाव देखें हैं. अपनी मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई. अमित साध का जन्म 5 जून 1983 को दिल्ली में हुआ था. उनका परिवार मूल रूप से पंजाब से जुड़ा है, जबकि उनकी पढ़ाई-लिखाई लखनऊ में हुई.

उन्होंने अपनी जिंदगी में सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब वह सिर्फ 16 साल के थे और उनके पिता का निधन हो गया. उनके पिता राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी थे और परिवार का बड़ा सहारा भी थे. पिता के जाने के बाद अमित की जिंदगी पूरी तरह बदल गई. परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ गईं और उन्हें कम उम्र में ही कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

आर्थिक परेशानियों के साथ-साथ वह मानसिक तनाव से भी जूझते रहे. हालात इतने खराब हो गए थे कि उन्होंने कई बार अपनी जिंदगी खत्म करने की भी कोशिश की.उस समय उन्हें फुटपाथ पर सोना पड़ा. दूसरों के घर में बर्तन तक मांजे और चौकीदारी भी की. वो इस जिंदगी से इस कदर हताश हो गए थे कि सुसाइड तक करना चाहते थे, लेकिन तब एक दोस्त ने उनकी जान बचाई थी.

एक्टिंग का शौक उन्हें फिल्मी दुनिया में ले आया. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की और कई हिट शोज में वह नजर आए. शुरुआती पहचान मिलने के बावजूद उनका सफर आसान नहीं रहा. एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें काम मिलना लगभग बंद हो गया.

इस बात का खुलासा खुद अमित ने किया था. उन्होंने बताया था कि कुछ वजहों से उन्हें टीवी इंडस्ट्री में लगातार मौके नहीं मिल रहे थे और उन्हें ज्यादातर रिजेक्शन ही झेलने पड़ रहे हैं. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. उन्होंने अपने संघर्ष और निराशा को ताकत बनाया और फिल्मों की ओर रुख किया.

साल 2010 में फिल्म ‘फूंक 2’ से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा. इसके बाद ‘काई पो छे’ ने उनके करियर को नई पहचान दिलाई. फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने खूब सराहा. इसके बाद वह ‘सुल्तान’, ‘गोल्ड’, ‘सरकार 3’ और ‘गुड्डू रंगीला’ जैसी फिल्मों में नजर आए और अपनी दमदार एक्टिंग से लोगों का दिल जीतते रहे.

फिल्मों के अलावा अमित साध ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई. वेब सीरीज ‘ब्रीद: इनटू द शैडोज’ में निभाया गया उनका पुलिस अधिकारी का किरदार काफी पसंद किया गया.बाद में वह ब्रीद: इनटू द शैडोज सीजन 2 में भी नजर आए. इस सीरीज ने उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म का बड़ा स्टार बना दिया. अमित रियलिटी शोज का भी हिस्सा रह चुके हैं. वह ‘बिग बॉस’, ‘नच बलिए’ और ‘फीयर फैक्टर’ जैसे शोज में नजर आ चुके हैं.

