Last Updated:
Bhabhi Ji Ghar Par Hai Controversy Timeline: शिल्पा शिंदे और ‘भाभी जी घर पर है’ के मेकर्स के बीच 2015 से शुरू हुआ विवाद टीवी इंडस्ट्री का सबसे बड़ा झगड़ा बन गया है. विवाद कॉन्ट्रैक्ट और मानसिक उत्पीड़न के आरोपों को लेकर शुरू हुआ था, जिसके बाद मार्च 2016 में शिल्पा शिंदे ने शो छोड़ दिया और उनकी जगह शुबांगी अत्रे को लिया गया. साल 2017 में शिल्पा ने प्रोड्यूसर संजय कोहली पर यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया, जिसे उन्होंने 2018 में ‘बिग बॉस 11’ जीतने के बाद वापस ले लिया था. अब जून 2026 में शिल्पा शिंदे ने खुद कबूल करके सबको चौंका दिया कि वह यौन उत्पीड़न का मामला पूरी तरह झूठा था, जिसे उन्होंने सिर्फ बकाया पैसों और विवाद के दबाव में दर्ज कराया था.

नई दिल्ली: शिल्पा शिंदे और ‘भाभी जी घर पर है’ एक-दूसरे का पर्याय बन गए थे, मगर प्रोड्यूसर संजय कोहली संग विवाद ने सबकुछ बर्बाद कर दिया. यह टीवी इतिहास के सबसे बड़े ऑन-सेट झगड़ों में से एक माना जाता है. लगभग नौ साल पहले शुरू हुआ यह विवाद शुरुआत में सिर्फ एक कॉन्ट्रैक्ट को लेकर था, लेकिन देखते ही देखते यह एक बेहद गंदे और कानूनी झगड़े में बदल गया. इस दौरान शिल्पा ने प्रोड्यूसर्स पर कई गंभीर आरोप लगाए, जिसने पूरी इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था.

विवाद की शुरुआत साल 2015 में हुई थी, जब शिल्पा शिंदे को इस शो में ‘अंगूरी भाभी’ के किरदार के लिए चुना गया था. उनके इस अनोखे अभिनय को दर्शकों ने सिर-आंखों पर बिठाया और उनका बोला गया डायलॉग ‘सही पकड़े हैं’ हर जुबान पर चढ़ गया. इस किरदार ने शिल्पा को घर-घर में एक बड़ी पहचान दिलाई और शो की टीआरपी को आसमान पर पहुंचा दिया.

यह सफलता ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी और मार्च 2016 में शिल्पा शिंदे ने अचानक शो छोड़कर सबको हैरान कर दिया. उन्होंने मेकर्स पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अचानक शूटिंग बंद कर दी. शिल्पा का दावा था कि उन्हें एक ऐसा एक्सक्लूसिव कॉन्ट्रैक्ट साइन करने के लिए मजबूर किया जा रहा था, जिसके चलते वह इंडस्ट्री में कोई दूसरा शो नहीं कर सकती थीं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

प्रोडक्शन हाउस ने शिल्पा के इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. मेकर्स ने उन पर कॉन्ट्रैक्ट के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और इस मामले को लेकर अभिनेत्री को एक लीगल नोटिस भी भेज दिया. इसके बाद यह आपसी विवाद खुलकर मीडिया और एसोसिएशन के सामने आ गया.

विवाद बढ़ता देख अप्रैल 2016 में सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) ने दखल दिया और शिल्पा को काम पर लौटने का निर्देश दिया. हालांकि, बाद में एसोसिएशन ने कॉन्ट्रैक्ट के इस पूरे मामले में शिल्पा के बजाय प्रोड्यूसर्स का खुलकर सपोर्ट किया. इसी खींचतान के बीच साल 2016 में ही शिल्पा की जगह शुबांगी अत्रे को नई ‘अंगूरी भाभी’ के रूप में कास्ट कर लिया गया.

साल 2017 में यह लड़ाई और भी ज्यादा गंभीर हो गई, जब शिल्पा ने प्रोड्यूसर संजय कोहली पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा दिया. उन्होंने इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई. जवाब में मई 2017 में सिंटा ने नियमों के उल्लंघन और झूठे आरोपों की बात कहकर शिल्पा को एसोसिएशन से बाहर कर दिया, जिसके बाद शिल्पा ने भी एसोसिएशन के खिलाफ मानहानि का केस ठोक दिया.

जब शिल्पा शिंदे ने साल 2018 में ‘बिग बॉस 11’ की ट्रॉफी अपने नाम की, तो उसके बाद उन्होंने संजय कोहली के खिलाफ दर्ज कराया अपना केस वापस ले लिया. लगा कि मामला यहीं खत्म हो गया, लेकिन इस कहानी में सबसे बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ जून 2026 में आया. एफआईआर दर्ज होने के करीब नौ साल बाद शिल्पा ने एक इंटरव्यू में अपनी गलती स्वीकार की.

शिल्पा शिंदे ने इंटरव्यू में कबूल करके सबको चौंका दिया कि संजय कोहली के खिलाफ लगाया गया यौन उत्पीड़न का वह आरोप पूरी तरह झूठा था. उन्होंने साफ किया कि यह फर्जी शिकायत उन्होंने सिर्फ अपने बकाया पैसों की वसूली और प्रोड्यूसर्स के साथ चल रहे विवाद के दबाव में आकर दर्ज कराई थी. उनके इस खुलासे ने अब एक बार फिर इस पुराने विवाद को चर्चा में ला दिया है.

