Last Updated:
बॉलीवुड में चॉकलेटी हीरो की छवि रखने वाले बॉबी देओल ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों से जुड़े कुछ ऐसे किस्से सुनाए, जिन्होंने सबका ध्यान खींच लिया. कभी सह-कलाकारों के साथ नोकझोंक की खबरें, तो कभी सेट पर की गई शरारतें, बॉबी का नाम कई मजेदार चर्चाओं का हिस्सा रहा. यही वजह थी कि उन्हें कई लोग ‘शैतान’ तक कहने लगे थे. अब सालों बाद एक्टर ने उन चर्चित घटनाओं पर चुप्पी तोड़ी है.

नई दिल्ली. आज भले ही बॉबी देओल अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और गंभीर किरदारों के लिए जाने जाते हों, लेकिन करियर के शुरुआती दिनों में उनकी छवि बिल्कुल अलग थी. सेट पर शरारतें करना, सह-कलाकारों को छेड़ना और माहौल को हल्का-फुल्का बनाए रखना उनकी आदतों में शामिल था. यही वजह थी कि कई बार उनके बारे में ऐसी कहानियां भी उड़ती थीं, जिन्होंने फैंस को हैरान कर दिया. हाल ही में बॉबी देओल ने अपने फिल्मी सफर के कुछ ऐसे किस्से साझा किए, जिन्होंने पुराने दिनों की यादें ताजा कर दीं. बातचीत में उन्होंने ट्विंकल खन्ना के साथ कथित नोकझोंक से लेकर मनीषा कोइराला के साथ शूट होने वाले खास सीन तक का जिक्र किया. दिलचस्प बात यह है कि इन घटनाओं के पीछे की वजह सुनकर खुद उनके फैंस हैरान हो गए.

बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ पुराने दिनों से जुड़े दिलचस्प किस्सों को लेकर भी चर्चा में हैं. हाल ही में ‘आप की अदालत’ में पहुंचे ‘बंदर’ एक्टर ने अपने करियर के शुरुआती दौर से जुड़े कई मजेदार और अनसुने किस्से साझा किए. इस दौरान उन्होंने उन अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी, जिनमें कहा जाता था कि वह अपनी फिल्मों की एक्ट्रेसेस को सेट पर खूब परेशान किया करते थे. बातचीत के दौरान बॉबी ने मनीषा कोइराला के साथ फिल्म ‘गुप्त’ की शूटिंग का एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसने सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया.

दरअसल, शो पर बॉबी पर यह आरोप भी लगा कि वह अपनी फिल्मों की हीरोइनों से छोटी-मोटी झगड़े किया करते थे. खासतौर पर 1995 में फिल्म ‘बरसात’ के वक्त. इस दौरान ट्विंकल खन्ना के साथ हुए विवाद को लेकर भी सवाल हुए. बॉबी ने सफाई देते हुए बताया, ‘हम दोनों उस वक्त काफी यंग थे. मुझे बचपन से ही पेट की समस्या है. मैं इस बारे में बहुत बातें करता था… जैसे आज मैंने टॉयलेट किया, कल करूंगा, कैसा था… वाकई ट्विंकल इससे काफी चिढ़ जाती थीं.’ उन्होंने बताया कि एक बार ट्विंकल नेsK इंटरव्यू में यह बात कह दी, जिसके बाद बॉबी ने फोन करके उनसे नाराजगी जताई थी. बॉबी ने कहा, ‘हम इतने छोटे थे कि यह सब बेहद मामूली था.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस घटना की हो रही है, जिसमें बॉबी ने मनीषा कोइराला के साथ एक रोमांटिक सीन को लेकर दिलचस्प खुलासा किया. उन्होंने बताया कि 1997 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘गुप्त’ की शूटिंग के दौरान एक गाने का सीन फिल्माया जा रहा था. उस समय मौसम काफी ठंडा था और सेट के आसपास ‘चना जोर गरम’ बेचने वाला मौजूद थे. मनीषा कोइराला बड़े चाव से चना जोर गरम खा रही थीं, जिसमें खूब सारा प्याज भी शामिल था.

बॉबी ने हंसते हुए कहा कि उसी दौरान एक ऐसा सीन शूट होना था, जिसमें मनीषा को उनके ठुड्डी के पास रोमांटिक अंदाज में अभिनय करना था. लेकिन प्याज की तेज बास की वजह से वह ठीक तरह से एक्सप्रेशन नहीं दे पा रहे थे. बॉबी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उस समय उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि इस स्थिति से कैसे निपटा जाए.

इसके बाद उन्होंने एक और मजेदार घटना का जिक्र किया. बॉबी ने बताया कि फिल्म में एक सीन था, जिसमें मनीषा के भाई का किरदार निभाने वाला एक नया एक्टर उन्हें पीटने आता है. मजाक में बॉबी ने उस एक्टर से कहा कि बेहतर अभिनय के लिए उसे प्याज खाना चाहिए. उन्होंने उसे खूब प्याज खिलाई, लेकिन बाद में जब सीन शूट हुआ तो मनीषा पर इसका कोई असर नहीं पड़ाय बॉबी ने कहा कि उस उम्र में वह काफी एमेच्योर थे और ऐसी शरारतें आम बात थीं.

आपको बता दें ‘गुप्त’ 1997 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक थी. निर्देशक राजीव राय की इस थ्रिलर फिल्म में बॉबी देओल के साथ मनीषा कोइराला और काजोल मुख्य भूमिकाओं में नजर आई थीं. फिल्म में ओम पुरी, परेश रावल, प्रेम चोपड़ा, दलीप ताहिल और प्रिया तेंदुलकर जैसे कलाकार भी शामिल थे. आज भी इसे हिंदी सिनेमा की यादगार सस्पेंस फिल्मों में गिना जाता है.

वर्कफ्रंट की बात करें तो बॉबी देओल जल्द ही निर्देशक अनुराग कश्यप की फिल्म ‘बंदर’ में दिखाई देंगे. फिल्म में वह समीर मेहरा नाम के एक संघर्षरत रॉकस्टार की भूमिका निभा रहे हैं, जिस पर यौन शोषण का आरोप लगता है. यह फिल्म 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इसके अलावा वह यशराज फिल्म्स की महिला-प्रधान स्पाई थ्रिलर ‘अल्फा’ में भी नजर आएंगे, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म 10 जुलाई को रिलीज होगी.

