Last Updated:
2 और 3 अक्टूबर… विजय सलगांवकर की कहानी में ये तारीखें सिर्फ कैलेंडर के पन्ने नहीं, बल्कि रहस्य और रोमांच की पहचान बन चुकी हैं. ऐसे में जब ‘दृश्यम 3’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है तो फैंस की उत्सुकता सातवें आसमान पर पहुंच गई है. पिछले दो भागों में जिस तरह विजय ने हर मुश्किल को मात दी, उसने इस किरदार को हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार किरदारों में शामिल कर दिया. अब कहानी का नया अध्याय खुलने वाला है, जहां पुराने राज, नए सवाल और चौंकाने वाले मोड़ दर्शकों का इंतजार कर रहे हैं. इस बार विजय सलगांवकर की चाल पहले से कहीं ज्यादा गहरी और रहस्यमयी बताई जा रही है.

नई दिल्ली. ‘याद है ना? 2 अक्टूबर को क्या हुआ था… उस दिन हम स्वामी चिन्मयानंद जी के आश्रम में सत्संग के लिए गए थे, फिर वहीं पाव भाजी खाई और रात को सिनेमाघर में फिल्म देखी.’ ‘दृश्यम’ का यह मशहूर डायलॉग्स आज भी दर्शकों के जेहन में ताजा है. यही वजह है कि जब भी विजय सलगांवकर की वापसी की खबर सामने आती है, फैंस के बीच उत्साह कई गुना बढ़ जाता है. पिछले दो फ्रेंचाइजी में अपनी सूझबूझ, शांत दिमाग और परिवार के लिए किसी भी हद तक जाने वाले इस किरदार ने दर्शकों को बांधे रखा था. अब एक बार फिर कहानी उसी मोड़ पर लौटती दिखाई दे रही है, जहां हर जवाब के पीछे एक नया सवाल छिपा है. इस बार भी रहस्य, रोमांच और भावनाओं का ऐसा खेल देखने को मिल सकता है, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी. विजय सलगांवकर की दुनिया में फिर कुछ बड़ा होने वाला है और इसकी आहट ने ही फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं.

बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के हिंदी संस्करण की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है और अब मेकर्स पोस्ट-प्रोडक्शन के काम में जुट गए हैं. फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

123तेलुगु की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ के हिंदी वर्जन ने एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है. फिल्म की मुख्य शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल कुछ पैचवर्क का काम बाकी है. इसके बाद टीम पूरी तरह पोस्ट-प्रोडक्शन पर फोकस करेगी. हाल ही में पिंकविला को दिए इंटरव्यू में निर्माता कुमार मंगत पाठक और निर्देशक-अभिनेता अभिषेक पाठक ने फिल्म को लेकर कई दिलचस्प जानकारियां साझा कीं. अभिषेक पाठक ने पुष्टि की कि फिल्म की शूटिंग खत्म हो चुकी है और अब केवल कुछ छोटे हिस्सों पर काम चल रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सबसे दिलचस्प बात यह है कि हिंदी ‘दृश्यम 3’ मलयालम विजन की सीधी कॉपी नहीं होगी. अभिषेक पाठक के मुताबिक, हिंदी दर्शकों के लिए कहानी में अलग ट्रैक तैयार किया गया है. उन्होंने बताया कि जहां मलयालम फिल्म का फोकस पारिवारिक ड्रामा पर ज्यादा है, वहीं हिंदी संस्करण को फैमिली थ्रिलर के रूप में विकसित किया गया है.

निर्देशक का कहना है कि जब फिल्म का ट्रेलर सामने आएगा, तब दर्शकों को दोनों संस्करणों के बीच का अंतर साफ दिखाई देगा. मेकर्स को उम्मीद है कि यह नया ट्रीटमेंट हिंदी दर्शकों को पसंद आएगा.

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की कहानी विजय सालगांवकर और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक रहस्यमयी गुमशुदगी के बाद मुश्किल हालात में फंस जाता है. पहले दो भागों में दर्शकों ने देखा कि कैसे विजय अपने परिवार को बचाने के लिए हर चुनौती का सामना करता है. अब तीसरे भाग में कहानी किस दिशा में आगे बढ़ेगी, इसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है.

फिल्म को स्टार स्टूडियोज 18 और पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले बनाया जा रहा है. इसका निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं, जबकि कहानी और स्क्रीनप्ले पर भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. फिल्म के निर्माता आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक हैं.

आपको बता दें कि ‘दृश्यम’ मूल रूप से एक मलयालम फिल्म है, जिसमें मोहनलाल ने मुख्य भूमिका निभाई थी. इसकी सफलता के बाद इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में भी रीमेक किया गया.

