Last Updated:
FWICE Ranveer Singh Ban news : क्या बॉलीवुड सुपर स्टार रणवीर सिंह अब फिल्मों में काम नहीं कर पाएंगे? डॉन 3 को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने एक्टर पर बैन लगा दिया है. एक्टर-डायरेक्टर फरहान अख्तर की शिकायत पर यह फैसला लिया गया. आरोप है कि रणवीर सिंह ने धुरंधर की सक्सेस के बाद ‘डॉन 3’ छोड़ दी. इधर, पूरे विवाद पर रणवीर सिंह ने चुप्पी तोड़ी है. ‘धुरंधर’ एक्टर ने क्या कुछ कहा है, आइये जानते हैं……..

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह मुश्किल में घिर गए हैं. एक्टर-डायरेक्टर फरहान अख्तर की शिकायत के बाद सिने एसोसिएशन ने रणवीर सिंह पर बैन लगा दिया है. दरअसल, रणवीर सिंह ने धुरंधर की सक्सेस के बाद अचानक फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ दी. फरहान ने FWICE से इसकी शिकायत की थी. फरहान का कहना है कि रणवीर ने जब फिल्म छोड़ तब फिल्म का प्री प्रोडक्शन शुरू हो गया था. मेकर्स को करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.

फेडरेशन अध्यक्ष वीएन तिवारी का कहना है कि रणवीर सिंह को तीन रिमाइंडर भेजे गए लेकिन उन्होंने कोई रिस्पांस नहीं दिया. ऐसे में FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी कर दिया है यानी अब उनके साथ काम न करने का निर्देश जारी किया गया है.

पूरा विवाद डॉन 3 से जुड़ा है. फरहान अख्तर ने साल 2023 में ‘डॉन-3’ एक्टर रणवीर सिंह के साथ बनाने का अनाउंसमेंट किया था. इससे पहले 2011 में डॉन-2 आई थी. 2006 में शाहरुख स्टारर ‘डॉन’ फ्रेंचाइजी की यह तीसरी फिल्म है, जिसे फरहान अख्तर बना रहे हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जब ‘डॉन 3’ बनाने की घोषणा की गई तब कियारा आडवाणी को रणवीर सिंह के अपोजिट फिल्म में कास्ट किया गया था लेकिन प्रेग्नेंसी और मेटरनिटी ब्रेक के चलते कियारा ने भी फिल्म छोड़ दी.

मशहूर गीतकार-स्क्रीनप्ले राइटर जावेद अख्तर के बेटे फरहान अख्तर ‘डॉन 3’ को होम प्रोडक्शन एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बना रहे थे. फरहान ने डॉन-3 के लिए अपनी दूसरी फिल्म जी ले जरा पोस्टपोन कर दी थी.

फरहान ने 45 करोड़ हर्जाने की मांग की. आमिर खान ने भी बीचबचाव की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी. प्रोड्यूसर गिल्ड ने दोनों पक्षों को सुलह का समय भी दिया लेकिन हल तब भी नहीं निकला. फरहान का कहना है कि प्री-प्रोडक्शन, शूटिंग शेड्यूल में बदलाव के चलते उनका भारी नुकसान हुआ है.

FWICE के अशोक पंडित ने बड़ा बयान देते हुए कहा, ‘फरहान अख्तर ने रणवीर सिंह के ‘डॉन 3′ छोड़ने पर ₹45 करोड़ नुकसान का दावा किया. शूटिंग की तैयारी पूरी हो चुकी थी और कई टेक्नीशियन और स्पॉट बॉय का काम भी प्रभावित हुआ. मुझे लगता है कि यह अच्छी बात नहीं है. फेडरेशन इन बातों को लेकर गंभीर है.’

इधर, रणवीर सिंह ने पूरे विवाद पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि वो फिल्म इंडस्ट्री और ‘डॉन’ फ्रैंचाइजी से जुड़े हर इंसान का दिल से सम्मान करते हैं. चाहते हैं कि फ्रैंचाइजी आगे भी खूब कामयाब हो. पूरे विवाद पर सोच-समझकर चुप रहना ही सही समझा. संयम और शालीनता बनाए रखना पर यकीन रखते हैं. आगे भी इसी रुख पर कायम रहेंगे.

