Last Updated:
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पुरुष एक महिला की दीवार पर बनी पेंटिंग के सामने अश्लील इशारे करते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो को देखने के बाद एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर काफी नाराज दिखीं. उन्होंने इस घटना को सिर्फ एक वायरल वीडियो नहीं, बल्कि समाज की खराब होती सोच का उदाहरण बताया. भूमि ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए सख्त कानून बनाने की मांग की है.
महिलाओं के पोस्टर संग गंदी हरकत पर भड़कीं भूमि पेडनेकर (फोटो साभार-instgram@bhumisatishpednekkar )
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक शर्मनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे शायद आपने भी देखा होगा. इस वीडियो में कुछ लोग दीवारों और गाड़ियों पर लगे महिलाओं के पोस्टर और पेंटिंग्स के साथ अश्लील हरकत करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में वे पेंटिंग्स को गलत तरीके से छूते और चाटते दिखाई दे रहे हैं. यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में गुस्सा देखने को मिल रहा है.
अब इस मामले पर भूमि पेडनेकर ने भी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम की स्टोरी पर शेयर की. एक्ट्रेस ने ऐसे लोगों को फटकार लगाते हुए और इस घटना के खिलाफ अपनी आवाज उठाई है.
युवाओं की सोच पर उठाए सवाल
यह वीडियो सबसे पहले इंस्टाग्राम अकाउंट Tube Indian पर शेयर किया गया था. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भी देखने को मिला. भूमि ने भी इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और लिखा कि यह हमारे युवाओं की मानसिकता दिखाता है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसी सोच को समय रहते नहीं रोका गया तो आगे चलकर यही लोग महिलाओं और बच्चों के खिलाफ गंभीर अपराध कर सकते हैं.
“हम एक महामारी में हैं”
भूमि पेडनेकर ने अपनी पोस्ट में लिखा, “हम एक महामारी में हैं. सिर्फ बातें करने और शर्म दिखाने से कुछ नहीं होगा. सख्त कानूनों की जरूरत है.” अभिनेत्री का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अब सिर्फ चर्चा नहीं, बल्कि सख्त कदम उठाने की जरूरत है.
महिलाओं की सुरक्षा पर फिर छिड़ी बहस
भूमि की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है जब देशभर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार बहस चल रही है. हाल ही में दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और महिलाओं के खिलाफ हिंसा के कई मामले सामने आए हैं. भोपाल में 33 साल की एक महिला की कथित दहेज हत्या का मामला भी काफी चर्चा में रहा था.
View this post on Instagram

