Last Updated:
बंगाली अभिनेत्री स्वास्तिका मुखर्जी से कोलकाता पुलिस ने 2021 के पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों के बाद किए गए सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पूछताछ की है. इस मामले में अभिनेता परमब्रत चट्टोपाध्याय का नाम भी शामिल है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों कलाकारों की ऑनलाइन टिप्पणियों ने चुनाव बाद राज्य में तनाव और हिंसा के माहौल को बढ़ावा दिया. पुलिस फिलहाल वायरल सोशल मीडिया पोस्ट, डिजिटल सबूत और पुराने रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है.
एक्ट्रेस से 5 साल पहले किए पोस्ट के मामले में पूछताछ हो रही है.
नई दिल्ली. बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री स्वास्तिका मुखर्जी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या वेब सीरीज नहीं, बल्कि साल 2021 के विधानसभा चुनावों के बाद किया गया एक सोशल मीडिया पोस्ट है. कोलकाता पुलिस ने शनिवार को अभिनेत्री से इसी मामले में पूछताछ की. इस केस में अभिनेता परमब्रत चट्टोपाध्याय का नाम भी शामिल है, जिनके एक पुराने पोस्ट पर स्वास्तिका की टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हुआ था.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्वास्तिका मुखर्जी से साउथ कोलकाता स्थित गरियाहाट पुलिस स्टेशन में करीब एक घंटे तक पूछताछ की गई. यह मामला हाल ही में दर्ज हुई एक शिकायत के बाद सामने आया. इसमें आरोप लगाया गया कि 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद दोनों कलाकारों द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों ने राज्य में तनावपूर्ण माहौल को बढ़ावा देने का काम किया.
5 साल पहले किए गए पोस्ट में दर्ज हुई शिकायत
बताया जा रहा है कि यह शिकायत 21 मई को एक वकील द्वारा दर्ज कराई गई थी. शिकायत में दावा किया गया कि चुनाव परिणाम घोषित होने के दिन यानी 2 मई 2021 को परमब्रत चट्टोपाध्याय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था, जिस पर स्वास्तिका मुखर्जी ने प्रतिक्रिया दी थी. शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन पोस्ट्स और प्रतिक्रियाओं ने उस समय राज्य में पहले से मौजूद राजनीतिक तनाव को और भड़काने में भूमिका निभाई.
अब दोबारा वायरल हो रहा पोस्ट
हाल ही में पश्चिम बंगाल के राजनीतिक माहौल में बदलाव और बीजेपी की चुनावी सफलता के बाद, सोशल मीडिया पर पुराने पोस्ट और स्क्रीनशॉट्स फिर से वायरल होने लगे. इन्हीं वायरल स्क्रीनशॉट्स के आधार पर कई चर्चाएं शुरू हुईं और मामला पुलिस तक पहुंच गया. इसके बाद जांच एजेंसियों ने सोशल मीडिया गतिविधियों और पुराने डिजिटल रिकॉर्ड्स की समीक्षा शुरू की.
अब 5 साल पहले किए गए पोस्ट पर राजनीति तेज है. एक्ट्रेस से करीबन 1 घंटे तक पूछताछ हुई और हो सकता है कि परमब्रत से भी जल्द ही पुलिस इस मामले में पूछताछ करे.
About the Author

From the precision of chemistry labs to the vibrant chaos of a newsroom, my journey has been about finding the perfect formula for a great story. A graduate in Chemistry Honours from the historic Scottish Churc…और पढ़ें

