Last Updated:
16 साल पहले एक ऐसी फिल्म आई जिसने सिनेमा के स्तर को एक अलग ऊंचाई पर पहुंचाया. हालांकि, 74 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी यह फिल्म अपनी लागत तक नहीं निकाल सकी और इसे फ्लॉप का टैग मिला. शानदार रेटिंग वाली इस कल्ट क्लासिक फिल्म की शानदार कहानी और एक्टिंग को क्रिटिक्स ने हाथों-हाथ लिया. नतीजा यह हुआ कि कमर्शियल फेल्योर होने के बावजूद इसने अलग-अलग कैटेगरीज में 16 अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया.

नई दिल्ली. साल 2010 में बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसी फिल्म रिलीज हुई, जिसने दर्शकों के दिलों को तो छुआ, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में यह बुरी तरह पिट गई. भारी-भरकम बजट में बनी इस फिल्म को फ्लॉप का टैग मिला. हालांकि, फिल्म की संजीदा कहानी और बेहतरीन अभिनय को क्रिटिक्स ने खूब सराहा. हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं उसका नाम है- गुजारिश.

संजय लीला भंसाली हमेशा से अपनी भव्य और बड़े कैनवास वाली फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. साल 2010 में उन्होंने एक बेहद संवेदनशील और गंभीर विषय पर फिल्म गुजारिश बनाई. यह फिल्म इच्छा मृत्यु जैसे जटिल और विवादित मुद्दे पर आधारित थी. ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या राय स्टारर इस फिल्म ने सिनेमा के स्तर को एक अलग ऊंचाई पर पहुंचाया, भले ही आम दर्शक उस समय इस गंभीर विषय को पूरी तरह अपना नहीं पाए. (फोटो साभार: IMDb)

फिल्म की कहानी ईथन (ऋतिक रोशन) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कभी दुनिया का सबसे मशहूर जादूगर है. लेकिन एक शो के दौरान भयानक हादसे का शिकार होने के बाद वह क्वाड्रिप्लेजिया नाम की बीमारी से ग्रस्त हो जाता है. इस बीमारी के कारण उसके शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह लकवाग्रस्त हो जाता है और वह पिछले 14 सालों से बिस्तर पर ही जिंदगी काटने को मजबूर है. (फोटो साभार: IMDb)
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस मुश्किल सफर में सोफिया डिसूजा (ऐश्वर्या राय) एक नर्स के रूप में उसकी देखभाल करती है, जो ईथन की परछाई बन चुकी है. अपनी बेबसी और सिर्फ दूसरों पर निर्भर रहने वाली जिंदगी से तंग आकर ईथन अदालत में इच्छा मृत्यु के लिए याचिका दायर करता है. (फोटो साभार: IMDb)

फिल्म का पूरा प्लॉट इसी कानूनी, मानसिक और भावनात्मक कशमकश को दिखाता है कि क्या एक इंसान को अपनी मर्जी से मरने का हक मिलना चाहिए या नहीं. इसी बीच फिल्म में आदित्य रॉय कपूर के किरदार ओमार सिद्दीकी की एंट्री होती है, जो एथन से जादू सीखने आता है और कहानी में कई भावुक मोड़ लाता है. (फोटो साभार: IMDb)

फिल्म गुजारिश को आज भी ऋतिक रोशन और ऐश्वर्या राय बच्चन के करियर के सबसे बेहतरीन अभिनय के लिए याद किया जाता है. ऋतिक रोशन ने बिना हाथ-पैर हिलाए, सिर्फ अपनी आंखों और चेहरे के हाव-भाव से बेबसी और दर्द को पर्दे पर इस तरह जिया कि देखने वालों की आंखें नम हो गईं. (फोटो साभार: IMDb)

ऐश्वर्या राय ने सोफिया के किरदार में अपनी सादगी और संजीदगी से जान फूंक दी. इन दोनों के अलावा फिल्म में आदित्य रॉय कपूर, मोनिका कपाड़िया, सुप्रिया पाठक और शेर्नाज पटेल जैसे बेहतरीन कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं. (फोटो साभार: IMDb)

बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, संजय लीला भंसाली के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का कुल बजट लगभग 75 करोड़ रुपये करोड़ था लेकिन कमाई के मामले में यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर टिक नहीं पाई. घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसने 40 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. वहीं, वर्ल्डवाइड कमाई 54 करोड़ रुपये में सिमट गई थी. (फोटो साभार: IMDb)

बॉक्स ऑफिस पर भले ही फिल्म का जादू नहीं चला, लेकिन अवॉर्ड फंक्शन्स में इस फिल्म ने धूम मचा दी. क्रिटिक्स ने भंसाली के डायरेक्शन और ऋतिक-ऐश्वर्या की एक्टिंग को मास्टरक्लास माना. फिल्म ने कई कैटेगरी में कुल 16 अवॉर्ड्स अपने नाम किए थे. आज 7.4 आईएमडीबी रेटिंग के साथ इसे बॉलीवुड की सबसे अंडररेटेड कल्ट क्लासिक फिल्मों में गिना जाता है. (फोटो साभार: IMDb)

